भूपेश बघेल ने चलाया ट्रैक्टर, निभाई धान बोआई की परंपरा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहल कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से आज अक्षय तृतीया के अवसर पर सीएम भूपेश बघेल ने माटी पूजन दिवस का शुभारंभ किया। श्री बघेल ने माटी पूजन के दौरान सबसे पहले कोठी से अन्न लेकर ठाकुरदेव को अर्पित किया। इसके बाद परम्परागत तौर पर अन्न के दोने को बैगा को सौंपा। इस अन्न को ठाकुरदेव के सामने रखकर सीएम ने पूजा-अर्चना की। खेत में हल और ट्रैक्टर चलाकर बीज भी रोपे। जैविक खाद बनाए रखेगी मिट्टी की उर्वरा शक्ति : बघेल राजधानी रायपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित माटी पूजन दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भूपेश बघेल ने जनप्रतिनिधियों, अफसरों व किसानों को खेतों में मिटटी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिए रासायनिक खाद के बदले जैविक खाद का उपयोग करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई काम न करें जिससे हमारी मिट्टी की सेहत खराब हो। सीएम ने कहा हमारी कृषि परंपरा में अक्ति का दिन विशेष महत्व रखता है। माटी पूजन महाभियान चलाकर राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अभियान का लक्ष्य रासायनिक खेती की जगह जैविक खेती की पुनर्स्थापना करना है।























