छत्तीसगढ़

जीवन की सफलता और स्वास्थ्य के लिए खेल बेहतर माध्यम: डॉ. डहरिया : खेल से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनती हैै खिलाड़ी की पहचान: श्री लखमा

मंत्री द्वय ने संचालनालयीन कर्मचारी संघ क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया

काकाखबरीलाल:- छत्तीसगढ़ के मंत्री द्वय डॉ. शिवकुमार डहरिया और श्री कवासी लखमा ने आज यहां अटल नगर के इन्द्रावती भवन गेट नं.-3 के सामने स्थित मैदान में दस दिनों तक चलने वाली शासकीय विभागीय कर्मचारी संघ क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता शासकीय संचालनालयीन (विभागाध्यक्ष) कर्मचारी संघ इन्द्रावती भवन द्वारा आयोजित की गई है। शुभारंभ अवसर पर मंत्री डॉ. डहरिया और श्री लखमा ने बेटिंग और विधायक श्री अमरजीत सिंह भगत ने बॉलिंग की।    मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोई भी खेल मानव जीवन के लिए लाभदायी होता है। इससे स्वास्थ्य के साथ ही मानसिक विकास भी तेजी से बढ़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसा आयोजन जीवन की सफलता और प्रतियोगिता के लिए एक बेहतर अवसर प्रदान करता है। इससे आपसी भाईचारा और सांमजस्य की भावना भी बनी रहती है। डॉ. डहरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में तेजी से राज्य का विकास होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के हित में हमेशा काम करते रहेगी। मंत्री द्वय ने इस दस दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में होने वाले खर्च का आधा हिस्सा राज्य सरकार द्वारा वहन करने की पहल की।    मंत्री श्री कवासी लखमा ने कहा कि खेल में मिली जीत व्यक्ति को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है। खिलाड़ी की पहचान हमेशा देश-दुनिया में बनी रहती है। उन्होंने कहा कि एक बड़ा व्यक्ति जब देश-विदेश भ्रमण करने जाते हैं तो उन्हें उनके परिवार या उनके पहचान वाले ही देखते हैं, लेकिन जब एक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेलने जाते हैं, तो उन्हें पूरी दुनिया देखती है। कार्यक्रम को सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अमरजीत भगत ने भी सम्बोधित किया। इस मौके पर क्रिकेट प्रतियोगिता समिति के अध्यक्ष श्री संतोष वर्मा सहित संचालनालयीन कर्मचारी-अधिकारी और खिलाड़ी बड़ी संख्या में मौजूद थे।    शासकीय कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में सात हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में पांच हजार रूपए प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही बेस्ट बालर, बैट्समेन, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ दी सीरिज आदि पुरस्कार भी दिए जाएंगे। 

AD#1

KakaKhabarilaal

क्षेत्र के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल काकाखबरीलाल डॉट कॉम में विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे... @09165277346

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!