सरायपाली: नवोदय चयन परीक्षा 30 अप्रैल को

सरायपाली। प्रशांत जी रहाटे प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय सरायपाली महासमुंद से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के उन सभी विद्यार्थियों और पालकों को सूचित किया जाता है जिन्होंने नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा हेतु आवेदन किया है कि उनकी चयन परीक्षा 30 अप्रैल 2022 को जिले के पाँच ब्लॉक के 31 केंद्रों पर आयोजित होगी जिसमें कुल 9061 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे । इन विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। यूजर आईडी के स्थान पर उनका रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा जाएगा एवं पासवर्ड के स्थान पर उनकी जन्मतिथि लिखी जाएगी। 30 अप्रैल 2022 को यह परीक्षा प्रातः 11 बजे से आरंभ होगी और 1.30 बजे तक चलेगी। यह अवश्य ध्यान दें कि परीक्षा के उपरांत प्रवेश पत्र जमा करा लिया जाएगा। अतः प्रवेश पत्र की एक फोटो कॉपी करा कर अपने पास रखें ताकि परिणाम की घोषणा के समय आपको परिणाम देखने में सुविधा रहे । इस वर्ष प्रवेश पत्र लाने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। परीक्षार्थियों को अपने पिछले विद्यालय जहां से उन्होंने पंचम कक्षा उत्तीर्ण की है , वहाँ के हेड मास्टर से प्रवेश पत्र में मोहर लगवा कर और हस्ताक्षर करवा कर लाना होगा। यह प्रवेश पत्र परीक्षा केंद्र पर जमा कर लिया जाएगा।
























