सरायपाली:कार की टक्कर से बाईक सवार घायल, युवकों ने की मारपीट, पुलिस जांच में जुटी

सरायपाली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुटेला ओवरब्रिज के पास एक अनियंत्रित बेलेरो कार के चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारने का मामला सामने आया है। दुर्घटना के बाद कार में सवार युवकों ने पीड़ित के साथ मारपीट भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताजनगर झिलमिला निवासी और ताज कार सिंगार में कार्यरत पीड़ित 12 सितंबर 2026 की रात करीब 12:00 बजे दुकान से काम निपटाकर अपनी होंडा ड्रीम योगा मोटरसाइकिल (CG 06 GB 3014) से घर लौट रहे थे। कुटेला ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही बेलेरो कार (CG 06 HC 3100) के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीड़ित सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित के अनुसार, एक्सीडेंट के बाद कार से नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही उतरे, जो शराब के नशे में थे। दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो दोनों युवकों ने हाथ-मुक्कों से उनके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनके दाहिने हाथ और बाएं पैर में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना पीड़ित ने फोन के माध्यम से अपने परिचित वासिफ को दी। वासिफ ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और स्थिति को संभाला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने115(2)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।


























