पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की आंसरशीट भी ऑनलाइन, परीक्षा 25 से ही होगी लेकिन बदलेगा शेडयूल

रायपुर (काकाखबरीलाल) .रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा के लिए अब आंसरशीट भी ऑनलाइन मिलेगी। आंसर लिखने के बाद इसे जमा करने के लिए भी छात्रों को संबंधित कॉलेज जाने की जरूरत नहीं होगी। वे स्पीड पोस्ट से या फिर ऑनलाइन इसे जमा भी कर सकेंगे। परीक्षा के लिए रविवि अब ऑनलाइन आंसरशीट देने की तैयारी कर रहा है।
परीक्षा 25 सितंबर से ही शुरू हो सकती है। लेकिन इसके शेडयूल में बदलाव किया जाएगा। इससे पहले, रविवि की वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा के लिए कॉलेजों के माध्यम आंसरशीट का वितरण किया जाना था। वितरण के पहले ही कॉलेजों में बड़ी संख्या में छात्र पहुंच गए। छात्रों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि कॉलेजों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना मुश्किल था। इस मामले में उच्च शिक्षा ने संज्ञान लिया। इसके बाद रविवि ने कॉलेजों में आंसरशीट वितरण की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया।
अब नए सिरे से आंसरशीट वितरण किए जाने पर विचार किया जा रहा है। अफसरों का कहना है कि छात्रों को अब आंसरशीट लेने या जमा करने के लिए कॉलेज नहीं आना होगा। आंसरशीट ऑनलाइन ही जारी की जाएगी। परीक्षा के विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी होंगे। गौरतलब है कि रविवि की वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र ऑनलाइन भेजे जाएंगे। इसके लिए पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं। प्रश्नपत्र छात्रों के मोबाइल व ईमेल पर भेजे जाएंगे। रविवि से वार्षिक परीक्षा के साथ ही सेमेस्टर परीक्षा के लिए भी शेडयूल जारी किया गया था। इसके अनुसार छात्रों को संबंधित कॉलेजों से या फिर विवि अध्ययनशाला से आंसरशीट लेना अनिवार्य किया गया। कोरोना संक्रमण की वजह से कॉलेज व विवि अध्ययनशाला के हॉस्टल बंद है। रायपुर से बाहर दूसरे जिले के छात्र और राज्य के बाहर के छात्र अपने-अपने घर जा चुके थे। आंसरशीट संबंधित कॉलेज या अध्ययनशाला से लेने की अनिवार्यता की वजह से कई छात्र दूसरे राज्य से भी यहां पहुचे। अब इन्हें बताया जा रहा है कि आंसरशीट अब कॉलेजों से नहीं बांटे जाएंगे। इसके लिए दोबारा निर्देश जारी होंगे। इससे छात्र परेशान हैं। शिक्षाविदों का कहना है कि अब विवि ऑनलाइन आंसरशीट देने की योजना बना रहा है। पहले भी इसी तरह की व्यवस्था की जाती तो छात्रों को परेशान नहीं होना पड़ता।


























