महासमुंद : आकाशीय बिजली से 2 की मौत

आकाशीय बिजली से शुक्रवार को दो लोगों की मौत हो गई तो वहीं दो लोग घायल हो गए। दोनों घटना बुंदेली चौकी क्षेत्र मेें घटित हुई है। मृतकों का शव जांच पंचनामा के बाद मर्ग कायम कर पोस्ट मार्टम के लिए रवाना कर दिया गया है तो वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।मिली जानकारी के अनुसार तेंदूकोना थाना के बुदेली चौकी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से जय सिंह ठाकुर (55) और लखन सिंह (32) की मौत हो गई। बताया जा रहा है घटना लगभग 2.30 बजे दोपहर उस वक्त घटित हुई जब खाना खाने के बाद दोनों टहलने निकले थे। अचानक बारिश शुरू होने पर बचने के लिए दोनों नदी किनारे स्थित शिव मंदिर में रुके।इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी। उसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है। वहीं पुलिस ने इसी दौरान दूसरी घटना में दो अन्य के घायल होने की भी जानकारी दी है।

इनमें बोरईलामी चौकी बुदेली क्षेत्र के पंकज पटेल (14) और खेमन यादव (16) आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भुरकोनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने दोनों की स्थित सामान्य बताई है।























