पिथौरा : नशीली टेबलेट के साथ मेडिकल संचालक धरा गया

नशीली टेबलेट का धंधा करने वाले पिथौरा के एक मेडिकल स्टोर्स के संचालक को रायपुर की एंटी क्राइम व साइबर सेल यूनिट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है, वहीं उनके पास से नशीली दवाइयां भी जब्त कीं। बताया जा रहा है कि नशीली टेबलेट का धंधा करने वाले एक व्यक्ति को टीम ने पहले रायपुर में गिरफ्तार किया था, उसके बाद पूछताछ में जब महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित एक मेडिकल स्टोर्स के संचालक की संलिप्तता पाई गई तो उसे भी टीम ने गिरफ्तार किया।

मेडिकल स्टोर संचालक नशीली दवाई का कारोबारी है।जानकारी के अनुसार रायपुर की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को खबर मिली कि चूनाभट्टी इलाके में अंडर ब्रिज के नीचे एक शख्स कुछ नशीली टेबलेट की डीलिंग करने पहुंचा है। मुखबिर से मिले इस इनपुट के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची। युवक को दबोच लिया गया, पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीपक राव बताया। दीपक गुढ़ियारी इलाके का रहने वाला है इसके पास से पुलिस को नाइट्रोटेन, लोमोटिल और स्पास्मो नाम की टेबलेट मिली। यह टेबलेट दीपक के पास कैसे पहुंची यह पूछे जाने पर दीपक ने बड़ा राज खोला।
दीपक ने बताया कि महासमुंद के पिथौरा का एक मेडिकल स्टोर मालिक उसे यह टेबलेट देता था। वह इसे बाजार में खपा दिया करता था। मेडिकल स्टोर के मालिक का नाम मनोज बंसल है, दीपक से मिले इनपुट के बाद रायपुर की पुलिस पिथौरा पहुंची। मनोज बंसल के बंसल मेडिकल स्टोर पर छापा मार कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर हड़बड़ाए मनोज को कुछ नहीं सूझा। दवाई के स्टॉक को लेकर वह कई तरह के बहाने करने लगा। मेडिकल स्टोर के अंदरूनी कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को यहां पर प्रतिबंधित नशीली टेबलेट मिली।




























