सरायपाली : बोल बम के नारों से गूंजा अंचल

सरायपाली. सावन के अंतिम सोमवार को आज पूरे शहर में शिव भक्ति का माहौल बना हुआ था. शहर के विभिन्न मार्गों पर धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ कांवर यात्रा निकली और शिव भक्तों ने मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया. आज दिनभर पूरे शहर में बोल बम के नारे गूंजते रहे.
आज सावन का अंतिम सोमवार है, जिसके लिए अंचल के सभी शिव मंदिरों में भक्तों के द्वारा विशेष पूजा की गई. मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे. मंदिरों के साथ-साथ शहर के सभी मार्गों में आज बोल बम के नारे गूंजते रहे. शहर में लंबी कंवर यात्रा निकाली गई, जिसमें धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ शिवभक्त बोल बम के नारे लगाते हुए थिरकते दिखे. लगभग माह भर से पूरे अंचल में शिव भक्ति की लहर दिखाई दे रही थी. आज अंतिम सोमवार को विभिन्न स्थानों से भक्तों ने जल लाकर शिव मंदिरों में भगवान का जलाभिषेक किया. शहर के पदमपुर रोड पर स्थित शिव मंदिर, शंकर मुड़ा स्थित मंदिर, वार्ड क्रमांक 7 के शिव मंदिर सहित पूरे अंचल के सभी शिव मंदिरों में दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा. पूजा पाठ के साथ भगवान शिव के भजन एवं नारों से मंदिर गूंजते रहे.
सरायपाली में दुर्गा मंडप, टैक्सी स्टैंड और सरसीवां रोड सरायपाली बोल बम सेवा समिति के द्वारा डीजे, धुमाल पार्टी और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान के साथ 31 –31 फीट की कांवर यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की तादाद में नगरवासी और भक्त जन मौजूद रहे.
























