महांसमुद: जिले के तापमान में 3 डिग्री गिरावट दर्ज

रविवार को जिले के तापमान में 3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही कल जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले महासमुंद में शनिवार को रिकॉर्ड 46.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। इस लिहाज से देखा जाए तो रविवार को शनिवार के मुकाबले तापमान कम रहा, लेकिन लू के हालात अब भी बने हुए हैं। अगले एक सप्ताह मौसम के इसी तरह रहने की संभावना है। इस महीने की 10 तारीख के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव होने के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग की मानें तो एक द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में उत्तर से गर्म और शुष्क हवा का आगमन लगातार जारी है। जबकि दक्षिण भाग में अपेक्षाकृत ठंडी और नमी युक्त हवा का आगमन हो रहा है। अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के तापमान में अगले पांच दिन विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। जिले में 3 मई को 44, 4 मई को 43, 5 मई को 43 और 6 मई को 44 डिग्री तक अधिकतम तापमान के रहने की संभावना है।

























