कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों पर होने वाले दुर्घटनाओं को कम करने के उपायों को अपनाने पर दिया जोर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न।

देशराज दास महासमुंद सहायक ब्यूरो
काकाखबरीलाल/महासमुंद: जिला कलेक्टर हिमशिखर गुप्ता ने आज यहां कलेक्टोरे की सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में समिति के सदस्यों सहित, एडीएम शरीफ मोहम्मद खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में समिति द्वारा आयोजित पूर्व बैठक में लिए गए निर्णय के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य मार्गों पर होने वाले दुर्घटनाओं को कम करने के उपायों को अपनाने पर जोर देते हुए निर्देशित किया। जिला सड़क सुरक्षा समिति बैठक में निर्णय लिया गया कि महासमुंद नगर के अंदर सुबह साढ़े 9 बजे से साढ़े 12 बजे तक एवं शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीडब्ल्यूडी के सड़कों पर नगर में प्रवेश के पहले इसके बोर्ड लगाए और उस पर पूर्ण विवरण अंकित कराएं। उन्होंने जहां आवश्यक हो वहां पर रेडियम, संकेतक बोर्ड आदि लगाने के भी निर्देश दिए।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि नगर में जहा आवश्यक है वहां सिग्नल लाईट की व्यवस्था करें। उन्होंने सभी स्कूल बसों सहित सभी बसों की सामान्य चेकिंग के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बसों में स्पीड गर्वनर लगा होना चाहिए, जो वर्किंग में हो। उन्होंने यह भी कहा कि बसों के लिए निर्धारित बस स्टॉप के स्थानों पर ही बस खड़ी होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि कई बैंक शाखाओं में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यातायात व्यवस्था में दिक्कत आती है। इस संबंध में जिला कलेक्टर ने कहा कि बैंकों में पार्किंग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
समिति की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों की ब्लैक स्पार्ट की पहचान एवं सुधार की कार्रवाई पर चर्चा हुई। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पार्ट की सूची प्रदान की जाएगी। बैठक में ब्लैक स्पार्ट पर सुधार उपरांत दुर्घटनाओं की मानिटरिंग, ब्लैक स्पार्ट की पहचान, सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा नियत प्रोटोकाल, कलेण्डर के अनुसार कार्रवाई, सड़कों पर यातायात संकेतक, चेतावनी, ट्रैफिक, कॉलिंग के लिए कार्रवाई, ड्रायविंग में विचलित करने वाले होर्डिंग हटाए जाने, फुटपाथ, पार्किंग, सर्विस लेने आदि से अतिक्रमण हटाना, दुर्घटनाओं के कारण, कारकों की समीक्षा कर उपचारात्मक कार्रवाई, पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट एवं अन्य ट्रैफिक नियमों के पालन की कार्रवाई तथा खतरनाक तरीके से वाहन चालक हेतु ड्रायविंग लायसेंस निलंबन की कार्रवाई, स्कूल बसों की चेकिंग, सुरक्षा तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था, प्रदूषण की रोकथाम हेतु कार्रवाई, दुर्घटनों के शिकार हुए लोगों की तत्काल मदद, चिकित्सा हेतु प्रबंध, जिला सड़क सुरक्षा समिति गठन संबंधी दिए गए बिंदुओं का पालन एवं जिले में विभिन्न विभागों, एजेंसियों के समन्वय से यातायात नियमों के पालन, शिक्षा, जागरूकता एवं बेहतर व सुरक्षित यातायात हेतु अन्य आवश्यक उपायों, सड़क सुरक्षा सबंधी विभिन्न विभागों के प्रयासों का समन्वय, चौक में ट्रैफिक लाईट की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर एसडीएम महासमुंद सुनील कुमार चंद्रवंशी, जिला परिवहन अधिकारी डी, तिग्गा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता आर.के. खाम्हरा, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
































