छत्तीसगढ़ में आज से 6, 7, 9 और 11वीं की कक्षाएं भी शुरू

छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण कम होते ही अब पूरी तरह से स्कूल खुल गए हैं. आज गुरुवार से 6, 7, 9 और 11वीं की कक्षाएं ऑड-ईवन फार्मूले पर संचालित की जा रही है. स्कूलों में कक्षाएं उन्हीं जिलों में संचालित की जाएंगी, जहां पिछले एक सप्ताह से कोरोना की संक्रमण दर 1% से कम है. विद्यार्थियों को कक्षाओं में एक दिन के अंतराल पर बुलाया जाएगा. छत्तीसगढ़ में प्राइमरी सहित 8वीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाएं पहले से ही चल रही हैं. स्कूल खुलने के बाद से छात्रों में खुशी की लहर है. वहीं स्कूल की शिक्षिका ने कहा कि पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है.स्कूल खुलने के बाद छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही है. छात्रों का कहना है कि ऑफलाइन पढ़ाई में काफी ज्यादा सहूलियत होती है. ऑनलाइन क्लासेस होती थी, तो कुछ समझ में भी नहीं आता था. पढ़ाई आधी अधूरी होती थी. अब स्कूल खुले हैं, तो दोस्तों के साथ मिलकर भी अच्छा लग रहा है. हालांकि कोरोना काल में इस बार टिफिन शेयर नहीं कर पाएंगे, लेकिन दोस्तों से मिलने की खुशी बहुत है.
शिक्षिका अमिता खंडेलवाल ने कहा कि छात्रों को रोटेशन (50 प्रतिशत) के आधार पर बुलाया जाएगा. स्कूल खुले हैं, तो हमें भी छात्रों से मिलकर अच्छा लग रहा है. कोरोना की वजह से रोटेशन के आधार पर छात्रों को बुलाया जाएगा, जो छात्र आज नहीं आए उन्हें कल बुलाया जाएगा. बता दें कि शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के कमिश्नर डॉक्टर कमलप्रीत सिंह ने बुधवार को स्कूल खोलने को लेकर आदेश जारी किया था. 6वीं, 7वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाओं के संचालन की अनुमति दी थी
























