सरायपाली

सरायपाली: लोगों ने तालाब, नदी नालों में किया दीपदान

सरायपाली (काकाखबरीलाल).कार्तिक पूर्णिमा पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने सुबह 4 बजे से उठकर तालाब, नदी नालों में स्नानकर दीप दान किया। वहीं दोपहर आंवला पेड़ के नीचे भोजन किया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन प्रदोष काल में किसी नदी या तालाब में दीपदान करने का विशेष महत्व रहता है इसलिए इस दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त प्रात: 4 बजे से नगर के नालों या तालाब में दीप प्रज्जवलित करने सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे हुए थे।
कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की एक डुबकी लगाने के लिए तालाबों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ था। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पानी में डुबकी लगाकर दीपदान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के द्वारा सुबह तालाब के किनारे रेत का घर बनाकर उसमें ध्वज लगाकर भगवान विष्णु व शिव की पूजा अर्चना करने के पश्चात तालाब में दीप प्रवाहित किया गया। इसके अलावा कई लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूजा अर्चना के लिए विभिन्न धार्मिक स्थलों जैसे नरसिंहनाथ, हरिशंकर आदि स्थानों पर भी गए हुए थे।
इस बार शहर के दुकानों में दीपदान करने के लिए नए नए डिजाईनों के नाव बिक रहे थे। वहीं कुछ लोग अपने घरों में नाव बनाकर दीप प्रवाहित करने के लिए तालाबों में पहुंचे थे। लोगों ने प्रात: से उठकर घरों एवं तालाबों में स्नानकर पूजा किए उसके पश्चात दीपदान किए। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन दीप दान करने से घर में खुशहाली व सुख-समृद्धि आती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिल जाती है।
महिलाओं ने बस्ती तालाब में किया दीप दान
नगर के बस्ती सहित ग्रामीण अंचलों के तालाबों में सुबह से लोग पहुंचे थे। यहां लोगों ने कार्तिक पूर्णमा के अवसर पर नालों और तालाबों में स्नान कर दीप दान कर पूजा भी की। इसमें महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक थी। सोमवार को पिकनिक स्पॉटों में भी भीड़भाड़ देखी गई। सुबह से पहुंचे लोगों ने दिनभर वहीं बिताया। कई लोगों ने आंवला पेड़ के नीचे आंवला भोजन ग्रहण किया।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!