सरायपाली:प्रतिभा कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का इंडक्शन सह स्वागत समारोह

सरायपाली। प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बालसी में सोमवार को नए सत्र के नवप्रवेशित बी.एड. एवं डी.एल.एड. छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन सह वेलकम सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रतिभा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. आभास अग्रवाल एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागत विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इंडक्शन सत्र में विद्यार्थियों को महाविद्यालय के अनुशासन, उपस्थिति नियम, पुस्तकालय सुविधाओं, आंतरिक मूल्यांकन तथा वर्षभर होने वाली शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही बी.एड. एवं डी.एल.एड. के प्रोग्राम आउटकम एवं कोर्स आउटकम के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण विधियों, बाल मनोविज्ञान, कक्षा प्रबंधन एवं प्रभावी संचार कौशल के महत्व से अवगत कराया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. आभास अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उच्च नैतिक मूल्यों, नवाचार एवं उत्कृष्ट शिक्षण कौशल से विकसित करना संस्थान का उद्देश्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को निष्ठा एवं लगन के साथ प्रशिक्षण पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न मनोरंजक एवं आइस-ब्रेकिंग गेम्स आयोजित किए गए, जिसमें नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सहायक प्राध्यापक ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






























