सरायपाली

सरायपाली:बंधक बनाए गए श्रमिक तमिलनाडु से मुक्त, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई लाई रंग

महासमुंद/सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली तहसील अंतर्गत ग्राम बरिहापाली के श्रमिकों को तमिलनाडु के नमक्कल जिले में बंधक बनाए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सफलतापूर्वक मुक्त करा लिया। रेस्क्यू टीम एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वय से गुरुवार शाम करीब 5 बजे श्रमिकों को बंधन से मुक्त कराया गया।
श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र ने बताया कि श्रमिकों को तमिलनाडु के वेलुर तहसील क्षेत्र में मुक्त करा लिया गया है। मौके पर आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद श्रमिकों के देर रात अथवा अगले दिन महासमुंद के लिए रवाना होने की संभावना है। उनके परसों तक जिले में पहुंचने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरिहापाली के पुनीत राम यादव (65), उनके पुत्र रोहित यादव (23), बहन तेजवंती (30), उमेश यादव (11), मानसी यादव (7) एवं तुलसी यादव (40) रोजगार की तलाश में तमिलनाडु गए थे। वहां काम करने के दौरान उन्हें काम पसंद नहीं आया और वे वापस अपने गांव लौटना चाहते थे। आरोप है कि ठेकेदार ने उन्हें वापस भेजने से मना कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
पुनीत राम यादव की पत्नी मीना यादव ने सरायपाली के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनोज कुमार खांडे के समक्ष आवेदन देकर अपने पति एवं अन्य श्रमिकों को वापस लाने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय लंगेह के निर्देश पर श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए रेस्क्यू टीम तमिलनाडु भेजी गई।
टीम ने तमिलनाडु पहुंचकर स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी श्रमिकों को मुक्त कराया। रेस्क्यू टीम में सरायपाली नायब तहसीलदार हरि प्रसाद भोई, लेबर इंस्पेक्टर टीकम चंद्राकर, कांस्टेबल हेमंत भोई एवं गायत्री कंवर शामिल रहे। प्रशासन अब श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और औपचारिकताएं पूरी कर रहा है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!