कोमाखान :पुलिस ने गांजा तस्करी का किया भंडाफोड़, दो बाइक और नकदी भी जब्त

महासमुंद। कोमाखान थाना पुलिस ने नर्रा जांच नाका पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.800 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। मामले में ओडिशा निवासी एक आरोपी तथा विधि से संघर्षरत दो किशोरों को पकड़ा गया है। जब्त गांजा की कीमत करीब ₹7.40 लाख बताई गई है, जबकि जब्त दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल जब्ती ₹9.64 लाख की है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई की शाम देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर दो मोटरसाइकिलों पर गांजा की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर नर्रा जांच नाका पर नाकेबंदी कर वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी में 5 पैकेटों में भरा 14.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में नूरप बेमाल (35 वर्ष), निवासी कालाहांडी (ओडिशा) को गिरफ्तार किया है। उसके साथ पायलटिंग कर रहे विधि से संघर्षरत दो किशोरों को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा ₹49,000 नकद भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के जंगल क्षेत्र से लाकर रायपुर पहुंचाना था, जिसके एवज में उसे पारिश्रमिक मिलने वाला था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।






























