कोमाखान:टेमरी बैरियर पर ट्रक चालक की दबंगई, पुलिस से गाली-गलौज और धमकी

महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी जांच नाका पर ड्यूटी के दौरान पुलिस एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ट्रक चालक एवं उसके साथी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरक्षक शशी साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 26 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे से रात 1 बजे तक वे आरक्षक कुलेश्वर साहू के साथ टेमरी जांच नाका पर ड्यूटी में तैनात थे। रात करीब 10:30 बजे ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 QR 5456 को जांच के लिए धीमा चलाने का संकेत दिया गया। आरोप है कि चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए बैरियर पर लगे स्टॉपर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस का आरोप है कि रोककर समझाने पर चालक और उसके साथी ने पुलिसकर्मियों व अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, वर्दी उतरवाने और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी तथा धक्का-मुक्की कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इसके बाद दोनों ट्रक लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान पुलिस, वन विभाग और आबकारी विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। शिकायत के आधार पर कोमाखान पुलिस ने ट्रक चालक एवं उसके साथी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 224, 324(3), 296 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





























