सरायपाली

सरायपाली:बैलेट पेपर से चुनी गई शाला सरकार, तोरेसिंहा कन्या शाला में बना बाल कैबिनेट

सरायपाली। शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा में छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बाल कैबिनेट तथा यूथ एवं इको क्लब का गठन बैलेट पेपर के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया गया। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपनी शाला सरकार का चुनाव किया।
यह निर्वाचन प्रक्रिया विकास खंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, विकास खंड स्रोत समन्वयक डी. नायक एवं संकुल समन्वयक संजीत कुमार पात्रो के मार्गदर्शन में प्रधान पाठक एवं निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश छत्रपति की देखरेख में संपन्न हुई। नामांकन, जांच और नाम वापसी की सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की गईं। बाल कैबिनेट के दो प्रमुख पदों के लिए मतदान कराया गया, जबकि अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
मतदान के बाद हुई मतगणना में कक्षा 8वीं की छात्रा रागिनी महाकुर शाला नायिका तथा गरिमा कुम्हार उप शाला नायिका निर्वाचित घोषित हुईं। वहीं सांस्कृतिक मंत्री, खेल एवं योग मंत्री, स्वच्छता एवं पर्यावरण मंत्री, अनुशासन प्रभारी, गणित एवं विज्ञान क्लब प्रभारी, पुस्तकालय प्रभारी, मध्याह्न भोजन प्रभारी, आयरन टेबलेट प्रभारी, कक्षा नायिका सहित यूथ एवं इको क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव के पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
विद्यालय में बनाए गए एक मतदान केंद्र पर कक्षा 6वीं से 8वीं तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया को नजदीक से समझा। मतदान कार्य में शिक्षक संजय कुमार भोई एवं विवेक प्रधान ने पोलिंग ऑफिसर की भूमिका निभाई। मतगणना के बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को गोपनीयता एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। चुनाव प्रक्रिया में छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा। इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!