सरायपाली:योग, नृत्य और ज्ञान का संगम: समर कैंप में बच्चों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा

सरायपाली । पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला झिलमिला में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप 2026 का भव्य समापन उत्साह, उमंग और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं कौशल आधारित गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद झिलमिला श्री हेमंत प्रधान, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा महासमुंद श्री रेखराज शर्मा, जनप्रतिनिधि श्री अख्तर मेहमान, एपीसी समग्र शिक्षा महासमुंद श्रीमती संपा बोस, एमसी अध्यक्ष पीएम श्री झिलमिला श्री परीक्षित बारीक तथा बीआरसी सरायपाली श्री देवानंद नायक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने तिलक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। संस्था प्रमुख श्री सोमदेव तिवारी ने अतिथियों का पौधा भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्य द्वार पर योग शिक्षक के मार्गदर्शन में तैयार पीटी एवं बैंड दल की आकर्षक प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं विद्यार्थियों ने सांकेतिक भाषा में ‘गुड मॉर्निंग’ संदेश प्रस्तुत कर अनूठे अंदाज में स्वागत किया।
कैंप के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन करते हुए कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने भाषाई दक्षता का परिचय दिया, जबकि कक्षा दूसरी एवं तीसरी के बच्चों ने गणितीय कौशल का प्रदर्शन करते हुए मौखिक प्रश्नों के त्वरित और सटीक उत्तर दिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कुमारी अलका कर द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बालिकाओं ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत ‘चल संगी स्कूल जागो’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। योग प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने पद्मासन, कमल मीनार सहित विभिन्न योगासनों का सहज एवं आकर्षक प्रदर्शन किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में समर कैंप की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान निरंतर संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही समर कैंप को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों की सेवाभावना और समर्पण की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख श्री सोमदेव तिवारी ने समर कैंप के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, पालकों, विद्यार्थियों तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
































