बसना: आरोपियों ने खुद को फौजी बता परिवार को धमकाया आरोपी गिरफ्तार

बसना क्षेत्र के ग्राम रसोड़ा भालूपतेरा का एक मामला है, जिसमें आरोपियों ने खुद को फौजी बता एक परिवार को धमकाया। आरोपियों को घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा है।
मामला बसना थाना क्षेत्र के ग्राम रसोड़ा भालूपतेरा का है। यहां निवासी आर्केस्ट्रा कलाकार हेमलाल बंजारा के घर में घुसकर चार लोगों ने गाली गलौज की, घर के सामान तोड़े और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी बिलाईगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों से एक खुद को फौजी बताकर परिजनों पर धौंस जमा रहा था। साथ ही पास में पिस्तौल होना बताकर सभी को जान से मारने की बात कर रहा था। इससे पूरा परिवार सहम गया था।
इस मामले में आरोपी व प्रार्थी के बीच रुपए का लेनदेन होने की बात सामने आ रही है। बसना थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर ने बताया कि हेमलाल अपने छोटे भाई द्रुपद लाल नायक के साथ आर्केस्ट्रा संगीत कार्यक्रम में बसना आया था। घर में उसकी मां के साथ उसकी पत्नी जुलता नायक, छोटी बहू कुमारी नायक व बच्चे थे। 20 मार्च रात 10 बजे तौलीडीह नवापारा (बिलाईगढ़) निवासी विनोद नायक घर अपने तीन साथियों के साथ घर आया और हेमलाल की पत्नी को पैसा लेन-देन को लेकर गाली देने लगा। चारों ने मिलकर घर में रखे सामान बिखेर दिए।
इसमें से एक ने अपने आप को फौजी बताते घर के मुख्य दरवाजे का कांच तोड़ दिया। वह लगातार फौजी हूं, पिस्तौल है, सबको उड़ा दूंगा… कह रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
























