बागबाहरा:रात के अंधेरे में सोलर प्लांट पर चोरों का धावा, केबल और कनेक्टर ले उड़े

बागबाहरा/महासमुंद। बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुनसुनिया स्थित श्री श्याम जी एग्रोटेक (राइस मिल) में लगे 260 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर केबल और कनेक्टिंग पिन चोरी कर लिए। चोरी के दौरान बदमाशों ने 5 से 6 सोलर पैनलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे लगभग 52 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राइस मिल के पार्टनर एवं संचालक अंकुश अग्रवाल ने बागबाहरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 7 और 8 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि में अज्ञात चोर राइस मिल परिसर की बाउंड्री फेंसिंग काटकर अंदर घुसे और सोलर पैनल से इनवर्टर के बीच लगे केबल एवं कनेक्टिंग पिन काटकर चोरी कर ले गए।
घटना का पता 8 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे चला, जब मोबाइल ऐप पर सोलर प्लांट बंद दिखाई दिया। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने पर चोरी और तोड़फोड़ की जानकारी मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(1) एवं 331(4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।





























