महासमुंद : कर्ज चुकाने बन गया बाइक चोर

कर्ज से लदे युवक ने बाइक चुराकर कर्ज से मुक्ति पाने का प्लान तैयार किया था, लेकिन वह कर्ज मुक्त हो पाता इससे पहले ही पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई बाइक को जब्त किया ओर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया । मामला पिथौरा थाना का है। आरोपी ने 5 अक्टूबर को चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई थी।थाना प्रभारी राकेश खुंटेश्वर ने बताया कि चोरी की बाइक को बेचने के फिराक में ग्राहक तलाश रहे रामसागरपारा पिथौरा निवासी नीरज तांडी पिता राजू तांडी (24) को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से चोरी की बाइक जब्त की गई है। आरोपी ने जब्त बाइक को अपने ही माेहल्ले से चुराई थी।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि वह कुरकुर्रे, चिप्स व चॉकलेट बेचने का धंधा करता है। गांव-गांव जाकर व्यापार करता है। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने उससे उधारी में सामान लिया, लेकिन पैसे नही दिए उसने वसूली के लिए कई बार प्रयास किया मगर सफल नहीं हुआ ।
इधर, थोक दुकानदारों का कर्जा बढ़ रहा था। कर्जा करीब डेढ़ लाख रुपए तक हो गया था। इसे चुकाने के लिए आरोपी नीरज तांडी ने गलत कदम उठाया और अपने ही माेहल्ले के नरेश कुमार नाग पिता नरपति नाग के यहां 4-5 अक्टूबर की दरम्यानी रात प्रवेश किया और घर के आंगन में रखी बाइक सीजी 06 जीएक्स 0377 को चोरी कर ले गया। जिसके बाद कर्ज चुकने के लिए बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी करके उसके पकड़ लिया।




















