
काकाखबरीलाल,सरायपाली । विगत 8 माह से ग्राम पंचायत नवरंगपुर के आश्रित ग्राम चण्डीभौना में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन नहीं दिया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों को आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है. पेंशन के भरासे आश्रित रहने वालों को खाने के लाले पड़ गए हैं. वहीं अधिकांश पेंशनधारी इलाज, राशन एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए भी जूझ रहे हैं. उनके द्वारा सरपंच से लेकर बैंक एवं जनपद कार्यालय तक दौड़ लगाया जा चुका है, लेकिन उन्हें कहीं भी ठोस आश्वासन नहीं मिल रहा है.
ग्राम चण्डीभौना के पेंशनधारी लक्ष्मीबाई मानिकपुरी,जोगेश्वरी एवं नानबाई को विगत 8 माह से विधवा पेंशन नहीं मिला है. इसी तरह पिंगलमोती, श्रीमोती मानिकपुरी, दुखु, लक्ष्मी भोई, नागेश्वरी, जगतराम, रजमेत निषाद, शांतिबाई, बोधन, रूखाबाई, भगतराम चौहान, सुरूति, दुखीबाई, लोरिक, शौकीलाल, चन्द्रावती पटेल, पुरूषोत्तम, गोविंद, अगिन कुंवर, रामरतन, मोंगरा, रामदास, मालामोती, पे्रममोती, अमृत निषाद को भी 8 माह से वृद्धावस्था पेंशन अप्राप्त है. इसके अलावा प्रेमलाल को विगत 5 माह से, तीजमोती को 6 माह से, कर्मात को 3 माह से, गोधना बाई को 6 माह से, रूकनीबाई को 3 माह से, मोगरा चौहान को 3 माह से वृद्धा पेंशन नहीं दिया गया है. वहीं नीलाबाई को 8 माह से दिव्यांग पेंशन अप्राप्त है. जब हितग्राही सरपंच के पास जाते हैं तो उन्हें बैंक भेज दिया जाता है और बैंक से जानकारी लेने पर उनके खाते में राशि जमा नहीं होने की बात कही जाती है. बैंक द्वारा उन्हें जनपद कार्यालय जाने की सलाह दी जाती है तथा जनपद पहुँचने पर भी उन्हें किसी तरह का पेंशन कब तक मिलेगा इसकी जानकारी नहीं मिल पाती.
पेंशन के अभाव में नहीं ले पा रहे हैं खाद्यान्न
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच के पुत्र द्वारा गांव में पेंशन की राशि का वितरण किया जाता है. उनके द्वारा पेंशनधारियों के साथ वितरण में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. इस 8 माह के बीच कुछ हितग्राहियों को दो बार पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है, जबकि अधिकांश हितग्राहियों को अब तक न तो बैंक और न ही सरपंच के माध्यम से पेंशन की राशि मिल रही है, जिससे वे आक्रोशित हैं. उनके द्वारा शीघ्र पेंशन की राशि दिलाये जाने की मांग की जा रही है. राशि के अभाव में कुछ हितग्राही प्रतिमाह शासन द्वारा मिलने वाले खाद्यान्न को भी लेने में असमर्थ हैं एवं उन्हें उधारी में राशन भी प्राप्त नहीं हो पा रहा है. इससे उनके सामने भूखे रहने की नौबत आ गई है.
जितनी राशि मिली थी, उतने लोगों को किया गया है वितरण -सरपंच
इस संबंध में ग्राम पंचायत नवरंगपुर के सरपंच बिरतिया चौहान से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि पंचायत में 213 पेंशनधारी हितग्राही हैं. ग्रामीण हितग्राहियों की मांग जायज है. दो बार 52 एवं 60 हितग्राहियों को पेंशन की राशि दी गई है. खाते में उतनी ही राशि जमा हुई थी जिसके अनुसार वितरण किया गया है. शेष राशि के लिए जनपद से भी कई बार निवेदन किया जा चुका है, लेकिन राशि जमा होने की ठोस जानकारी वहाँ भी नहीं मिल पाती. राशि आते ही बचे हुए हितग्राहियों को भी वितरण किया जाएगा.
इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सरायपाली श्री सोनवानी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था. जाँच क रवाया जाएगा एवं इसके उपरांत हितग्राहियों को पेंशनराशि दिलाई जाएगी.






























