
काकाख़बरीलाल,सरायपाली:- नगर के हाई स्कूल मैदान में विराट धनुजात्रा का आयोजन 6 जनवरी से 15 जनवरी तक आयोजित किया गया है. धनुजात्रा आयोजन की शुरूवात विगत वर्ष से हुई है. धनुजात्रा को लेकर इस क्षेत्र में बहुत अधिक उत्साह देखने को मिला था. इस वर्ष भी आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. खासकर यह महोत्सव ओड़िशा का ही है, लेकिन फुलझर क्षेत्र में हर कोई उड़िया समझने व बोलने वाले लोग मौजूद हैं. इसके चलते इस महोत्सव को विगत वर्ष अच्छा प्रतिसाद मिला था. हाई स्कूल मैदान को मथुरा नगरी बनाया जाएगा.

जहां प्रतिदिन कंस का दरबार लगेगा. जबकि गोपपुर पदमपुर रोड स्थित गोप कन्हाई काम्प्लेक्स परिसर में बनेगा.
धनुजात्रा महोत्सव को लेकर अब तक लोग इंतजार कर रहे थे. पिछले वर्ष यह दिसम्बर माह में हुआ था. जिसको देखने के लिए बड़ी संख्या में शाम से ही सड़क पर अपार भीड़ जुटती थी. शहर में विगत कई वर्षों के बाद धनुजात्रा महोत्सव पहला आयोजन है, जिसमें लोगों की सर्वाधिक भीड़ जुटी. विगत वर्ष आयोजन में जो भी कमियां सामने आई थी, उसे सुधार कर एवं अधिक जोश के साथ आयोजित किया जाएगा.

हाई स्कूल मैदान में वृहद मीना बाजार भी लगेगा. बस्ती तालाब को कालिन्दी सरोवर का रूप दिया जाएगा. जहां कृष्ण द्वारा गोपियों का वस्त्र हरण एवं कालिया मर्दन का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत होगा. सायं होते ही महाराजा कंस नगर भ्रमण करते निकलेंगे. गणेश उत्सव एवं दुर्गोत्सव समाप्त हो जाने के बाद नगर में कोई भी इस तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होता था. लेकिन विगत वर्ष से शुरू हुआ यह आयोजन लोगों को सरायपाली आने के लिए मजबूर कर रही है. धनुजात्रा आयोजन समिति के श्रीमती सीता अमृत पटेल ने चर्चा में बताया कि ओड़िशा के नामी कलाकारों से संपर्क हो चुका है. धनुजात्रा उत्सव का आयोजन बहुत अच्छे ढंग से किया जाएगा. शहर के सभी नागरिकों का इसमें सहयोग लिया जा रहा है. ताकि आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके.

























