रविशंकर विवि में परीक्षा के आवेदन की तिथि बढ़ी, 23 अगस्त तक मौका
रायपुर(काकाखबरीलाल)। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अंतिम वर्ष के सेमेस्टर परीक्षार्थियों की परीक्षा के आवेदन की तिथि 23 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। लॉकडाउन के चलते आवेदन नहीं कर पाए विद्यार्थियों को यह मौका विवि ने दिया है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 17 अगस्त निर्धारित थी। विद्यार्थी निर्धारित परीक्षा शुल्क के साथ अब 23 अगस्त कर आवेदन कर सकेंगे। विलंब शुल्क 100 रुपये के साथ आवेदन करने की तिथि 24 से 26 अगस्त निर्धारित है।
ज्ञात हो कि लॉकडाउन में सायबर कैफे बंद होने की वजह से ऑनलाइन आवेदन करने में विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। मीडिया ने इसे लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। छात्र संगठनों ने भी छात्रों की समस्याओं को लेकर विवि में प्रदर्शन किया। इसके बाद रविवि प्रशासन ने आवेदन की तिथि बढ़ाई। विवि से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक सिर्फ 50 हजार विद्यार्थियों के आवेदन आए हैं, जबकि विद्यार्थियों की संख्या लगभग डेढ़ लाख है।
माशिमं से मांगी छात्रों की जानकारी
विवि ने 12वीं बोर्ड में पास सभी विद्यार्थियों की जानकारी माशिमं से मांगी है। विवि का कहना है कि विद्यार्थियों की जानकारी विवि के पास होने से ऑनलाइन दाखिले के समय विद्यार्थियों से होने वाली गलतियों का क्रॉसचेक हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि कोरोना के चलते राज्य शासन ने प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को परीक्षा से राहत दी है, लेकिन अंतिम वर्ष और प्राइवेट छात्रों को परीक्षा देनी होगी।
इनका कहना है
अंतिम वर्ष की सेमेस्टर परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। इससे छात्र समय रहते आवेदन कर सकेंगे। -डॉ. गिरीशकांत पाण्डेय, कुलसचिव, रविवि






























