बस स्टैंड के गूगल द्विवेदी 300 से ज्यादा रूट की जानकारी, नंबर, समय तक याद

आज लोग अपने कई तरह के सवालों के जवाब गूगल सर्च से हासिल करते हैं। रायपुर के बस स्टैंड के राम भूषण द्विवेदी, चलते फिरते ऐसे इनसाइक्लोपीडिया हैं जिनके पास प्रदेशभर की बसों से जुड़े हर सवाल का जवाब है। इंटरनेट से भी ज्यादा स्पीड इनका दिमाग बसों के मामले में काम करता है। इधर यात्रियों ने पूछा नहीं कि झट से जवाब देकर उनकी मुश्किल हल कर देते हैं। रायपुर के नए बस स्टैंड के गूगल द्विवेदी यानी कि राम भूषण द्विवेदी स्टैंड पर अनाउंसमेंट का काम करते हैं। पूछताछ कॉर्नर भी इन्हीं के जिम्मे है।बस स्टैंड से आने और जाने वाली बसों की अनाउंसमेंट राम भूषण ही करते हैं। पिछले 14 सालों से वो अपने काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। उन्हें 300 से ज्यादा बसों के रूट की जानकारी है, दर्जनों गाड़ियों के तो नंबर के साथ उसके रवाना होने की जगह और समय याद है। नंबर बदलने पर बस संचालक इन्हें नंबर बता देते हैं। वे एक दिन में 5 हजार से ज्यादा यात्रियों को बताते हैं कि कौन सी बस कहां खड़ी है और कहां जाएगी।
पहले दिन 10 हजार यात्रियों ने किया सफर
पहले दिन सोमवार को भाटागांव के नए बस स्टैंड से दिनभर में 416 बसें अगल-अलग जिलों के लिए रवाना हुईं। इन बसों में 10000 से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया। जिला प्रशासन ने नए बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए सवारी ऑटो स्टैंड की भी व्यवस्था की है जिसमें 200 से ज्यादा ऑटो के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इन जगहों से तय हुआ बसों का रूट
रायपुर से जगदलपुर जाने वाले यात्री बस भाटागांव बस स्टैंड से पचपेड़ी नाका होकर जाएंगे।
महासमुंद, सरायपाली बसना और बलोदाबाजार मार्ग की ओर जाने वाली यात्री बसें भाटागांव बस स्टैंड से रिंग रोड नंबर 1 होकर तेलीबांधा चौक से हाईवे पर जाएंगी।
बिलासपुर बेमेतरा, कवर्धा की ओर करने वाले बसें भाटागांव बस स्टैंड से रिंग रोड नंबर 1 से टाटीबंध चौक, टाटीबंध चौक से रिंग रोड नंबर 2 होकर भनपुरी तिराहा से राष्ट्रीय राजमार्ग 30 होकर आगे बढ़ेंगी।
दुर्ग भिलाई राजनांदगांव की ओर जाने वाली बसें रिंग रोड नंबर 1 होकर टाटीबंध चौक से राष्ट्रीय राजमार्ग 53 होकर आगे जाएंगी।



























