सरायपाली: मोटरसाइकिल को ठोकर मारकर ट्रक पलटा दोनों चालक की मौत

आयरन लेकर रायपुर जा रहा ट्रक शनिवार को बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद आगे जाकर पलट गया। घटना में बाइक सवार व ट्रक चालक दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार सरायपाली से काम निपटा कर अपने घर कुर्मीपाली थाना सिंघोड़ा आ रहा था। घटना सिंघोड़ा थाना क्षेत्र एनएच 53 रोहिदासपारा के पास की है।
थाना प्रभारी केशव राम कोसले ने बताया कि ग्राम कुर्मीपाली थाना सिंघोड़ा निवासी शंकर पटेल शुक्रवार को अपनी बाइक क्रमांक 06 जी 0182 से अपने निजी काम से सरायपाली गया था। शाम को काम निपटा कर वह अपने घर वापस जा रहा था। वह ग्राम सिंघोडा एनएच 53 रोहिदासपारा के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे ट्रक के चालक ने तेजी एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते सामने से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार शंकर पटेल अनियंत्रित होकर गिर गया। इससे उसके सिर, पैर एवं शरीर के अन्य जगहों में गंभीर चोटे आई।
सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल शंकर को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सरायपाली लाया गया। जहां से उसे बरगढ़ भेज दिया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शंकर पटेल को टक्कर मारने के बाद ट्रक आगे जाकर पलट गया। इससे ट्रक चालक लोहराचट्टी बरगढ़ ओडिशा निवासी बलप्रीत सिंह की भी मौत हो गई। ट्रक आयरन लेकर रायपुर जा रहा था।




























