
शुकदेव वैष्णव, राजधानी ब्यूरो/काकाखबरीलाल/बसना : समीपस्थ ग्राम तोषगांव में रहने वाला एक व्यक्ति जिसका नाम वरुण देव भोई उम्र 24 वर्ष बताया जा रहा है अपने घर के सामने संदिग्ध परिस्थिति मे मृत पाया गया है । मृतक को ठगी का आरोपी बताया जा रहा है । जिसके खिलाफ थाना बसना में विगत वर्ष 2016 से मामला दर्ज है ।बताया जा रहा हैै कि मृतक विगत 2 वर्ष से फरार चल रहा था।
- > मृतक के विषय मे यह भी बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से ग्राम खोखेपुर का निवासी था। जो आज से 4-5 वर्ष पूर्व ग्राम तोषगांव में आकर बस गया था।
- > ग्रामीण सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि उक्त मृतक ठगी में इतना शातिर था कि वह क्षेत्र के युवाओं को आर्मी में भर्ती कराने का झांसा देकर , उन्हें शिशुपाल पहाड़ी में ले जाकर प्रशिक्षण देता था। तथा इस दरमियान उन्हें लूटपाट करने के लिए प्रेरित भी करता था, वर्ष 2016 में बसना क्षेत्र में फर्जी आर्मी अधिकारी बनकर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो युवक समर सिंह सिदार पिता उद्धव निवासी ग्राम मनकी थाना बसना एवं सुदामा राणा पिता रोहित राणा निवासी ग्राम आमापाली को क्राइम स्क्वॉड की टीम ने 6 मई 2016 को गिरफ्तार किया था।
- > मामले का खुलासा तब हुआ जब तोषगांव के समीपस्थ ग्राम खरोरा निवासी रवि डडसेना ने वर्ष 2016 में थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 फरवरी की रात करीब 11 बजे वे ग्राम बरिहापाली निवासी अपने रिश्तेदार श्याम सुंदर के साथ मोटर साइकिल क्र.सीजी 06 जीए 2090 में सवार होकर गढ़फुलझर की ओर से अपने गांव खरोरा आ रहे थे तब ग्राम लमकेनी-तोषगांव के मध्य दानी तालाब के पास रोड किनारे तीन युवक मुंह में कपड़ा बांधकर हाथ में लाठी-डंडा लेकर खड़े थे। रवि जैसे ही तालाब के पास पहुंचा, उन युवकों ने मारपीट करते हुए उन्हें (रवि और श्याम) बाइक से गिराकर रवि को खींचते हुए खेत की ओर ले जाकर उसके गर्दन में चाकू रखकर 50 हजार रुपए की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसे (रवि) पैदल ही गांव जाकर पैसे लाकर शिशुपाल पहाड़ के पास आने कहा और श्याम को बंधक बनाकर रख लिया गया, साथ ही मोटर साइकिल को भी रख लिया। श्याम को नानकपाली-भोथलडीह के मध्य एक खंडहर भवन में ले जाकर कंबल को फाड़कर उसके हाथ पैर को बांध दिया और भाग गए।श्याम सुंदर किसी प्रकार अपने आप को छुड़ाकर बसना होते हुए ग्राम खरोरा पहुंचा। मोटर साइकिल दूसरे दिन ग्राम मल्दामाल के पास शिशुपाल पहाड़ के नीचे मिली। रवि की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 394 कायम कर विवेचना में लिया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ युवक रात में आर्मी ड्रेस पहनकर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर उनसे लूटपाट करते हैं जिस पर टीम ने घेराबंदी की तो उन्हें समर सिंह और सुदामा राणा को पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई, पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक वरुण देव भोई पिता सफेद भोई खुद को आर्मी का अधिकारी बताकर क्षेत्र के युवाओं को आर्मी अफसर बनाने का झांसा देकर प्रशिक्षण देता था तथा उनके साथ मिलकर बसना, सरायपाली क्षेत्र के अंदरुनी गांव में लूटपाट की घटना को अंजाम देता था। तभी से पुलिस मृतक आरोपी की तलाश में थी।
- सूचना पर बसना पुलिस ग्राम तोषगाँव पहुंच कर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिये बसना भेज दिया गया है।पुलिस की विवेचना जारी है।
AD#1

























