खाकी वर्दी की आड़ में व्यापारियों को धमका रहा था आरक्षक, फिर जमकर हुआ बवाल

खाकी वर्दी की आड़ में बुधवारी मंडी में व्यापारियों को धमकाने के साथ ही गाली-गलौच करना एक पुलिस आरक्षक को काफी महंगा पड़ गया। महंगी सब्जी बेचने की बात कहते उसके द्वारा व्यापारियों को गाली देना शुरु कर दिया। फिर क्या था, मंडी में जमकर बवाल हुआ और पुलिस आरक्षक को सब्जी कारोबारियों ने घेरते हुए मौके पर ही बिठा लिया। सूचना के बाद सीएसईबी पुलिस और उनके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएसईबी चौकी ले आए। बुधवारी बाजार सब्जी मंडी में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हंगामा हो गया जब एक पुलिस आरक्षक ने सब्जी व्यापारियों के साथ गाली-गलौच करते हुए वर्दी का रौब दिखाना शुरु कर दिया। उरगा थाने में पदस्थ अभिजीत पांडेय नामक आरक्षक टमाटर लेने मौके पर पहुंचा हुआ था और शराब के नशे में भी चूर था। टमाटर के बढ़े हुए दाम सुनकर वह आक्रोशित हो गया और महंगा बेचने के नाम पर सब्जी कारोबारियों के साथ गाली-गलौच करने लगा। उसके इस हरकत से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और पुलिस आरक्षक को घेरते हुए मौके पर बिठा लिया और उसकी जमकर खबर ली।
कुछ ही समय में बुधवारी मंडी में सैकड़ों लोग जुट गए और पुलिस आरक्षक को बुरा भला कहने लगे। आरक्षक को लगा, कि वह मुसीबत में फंस गया है, तब उसने हाथ जोड़कर सब्जी कारोबारियों से माफी भी मांगी। लेकिन वे उसे छोड़ने के मूड में नहीं थे। हालात ज्यादा बिगड़ते उससे पहले ही उसके परिजन व पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों से बातचीत करते हुए आरक्षक को मौके से निकालकर अपने साथ सीएसईबी चौकी ले आए। अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, यह देखने वाली बात होगी
























