किसान से फौती उठाने रिश्वत लेते पटवारी चढ़ा एसीबी के हत्थे

नवागढ़ (काका खबरीलाल ).पिता की मौत होने पर कृषि भूमि को अपने, अपने भाई व मां के नाम परिवर्तित कराने यानी फौती उठाने के लिए पटवारी ने किसान से रिश्वत मांग दी। किसान से 2800 रुपए रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) रायपुर की टीम ने महिला पटवारी लोचन साहू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।नवागढ़ ब्लॉक के पटवारी हल्का 15 अंधियारखोर का यह मामला है। रिश्वत लेने वाली पटवारी को नवागढ़ एसडीएम ज्योति सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गोपालपुर के निवासी किसान नरेन्द्र चतुर्वेदी ने एसीबी रायपुर से लिखित शिकायत की थी, कि उसकी ग्राम गोपालपुर में करीब पौने 6 एकड़ कृषि भूमि है। उसके पिता भागवत चतुर्वेदी का साल 2020 में ही फरवरी माह में निधन हो गया था। इसके बाद नरेन्द्र चतुर्वेदी स्वयं, उनकी मां और भाई के नाम से फौती उठाना चाहता था। पटवारी ने इसके एवज में उससे 7500 रुपए रिश्वत की मांग की थी। लेकिन प्रार्थी ने उक्त रकम को ज्यादा बताते हुए असमर्थता जाहिर की। इस पर 2800 रुपए में बात बनी। लेकिन प्रार्थी ने इस मामले की शिकायत एसीबी रायपुर में कर दी। 11 सदस्यीय एसीबी की टीम ने डीएसपी शैलेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में मंगलवार को दोपहर 2 बजे ग्राम अंधियारखोर में दबिश दी और महिला पटवारी (हलका नं. 11)लोचन साहू पति अरविंद साहू को किसान से 2800 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्त में लिया। एसीबी की टीम ने मामला दर्ज किया है। एसडीएम नवागढ़ ने पटवारी को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय नवागढ़ रहेगा।


























