अवैध रूप से धान खपाने के लिए रखे 312 पैकेट धान जब्त

(सरायपाली काकाखबरीलाल). अनुविभागीय अधिकारी(राजस्व) सरायपाली कुणाल दुदावत को मिली सूचना के आधार पर ग्राम कोइलबहाल(भोईडीह) के नरेश भोई के यहां कोचिया व्यापारी का धान रखने एवं संबंधित कृषक अभिमन्यु भोई पिता स्व. लालो के द्वारा अपने पट्टे में खपाने की सूचना मिली। अनुविभागीय अधिकारी स्वयं, मंडी विभाग एवं खाद्य निरीक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक जाँच पड़ताल की गई। अंततः कृषकों द्वारा बताया गया कि यह धान मात्रा लगभग 312 पाकिट ग्राम कोइलबहाल के फुटकर व्यापारी गोपी साहू का है। कृषकों का बयान लिये जाने पर गोपी साहू कोइलबहाल का भी बयान लेकर पंचनामा बनाकर विधिवत मंडी अधिनियम के तहत जप्ती की कार्यवाही की गई। उक्त कार्यवाही में अनुविभागीय अधिकारी(राजस्व) के साथ मंडी सचिव जी. एल. अग्रवाल , खाद्य निरीक्षक गौरसिंह जात्रे एवं सिंघोड़ा में नवनियुक्त थाना प्रभारी टोप्पो का विशेष सहयोग रहा। समर्थन मूल्य की खरीदी के अंतिम दिनों में इस तरह की कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।





























