भूपेश बघेल ने कहा लॉकडाउन धीरे-धीरे ही हटाया जाएगा पढ़े पुरी खबर

(रायपुर काकाखबरीलाल).
लॉकडाउन की अवधि खत्म होने में महज छह दिन बाकी रह गए हैं। फिलहाल, सरकार लॉकडाउन खत्म करने के पक्ष में नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट कर दिया है कि लॉकडाउन धीरे-धीरे ही हटाया जाएगा। इसके लिए केंद्र और राज्य मिलकर काम करेंगे। प्रदेश में अभी 70 हजार लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। इसके बावजूद अभी तमाम लोग ऐसे हैं जो छिप रहे हैं। लोग सोशल डिस्टेंसिंग बिल्कुल भी नहीं रख रहे हैं। दूसरी ओर बिलासपुर में लॉकडाउन के दौरान बाहर निकलने पर कुछ लोगों ने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी।
छत्तीसगढ़ में अभी तक महज 10 मामले ही कोरोना संक्रमण के सामने आए हैं। इनमें से 9 ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। यह सभी लोग राज्य में बाहर से आए थे। जबकि एक तब्लीगी जमात से आए किशोर की भी हालत ठीक है। वहीं प्रदेश में 70 हजार लोग अभी भी क्वारैंटाइन में हैं। फिर भी बाहर से आए लोग अपनी जानकारी छिपा रहे हैं। ऐसे लोग पकड़ में भी आए हैं। प्रदेश में एक ओर जहां 97 फीसदी संदिग्धों की जांच नहीं हो सकी है। वहीं लोग प्रशासन को झूठी जानकारी भी दे रहे हैं। कोरबा के तब्लीगी जमात से आए ऐसे 16 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। कांकेर में मार्च के अंत तक ऐसे 40 लोगों को ढूंढ निकाला। ऐसे ही दुधावा क्षेत्र के गांव बासनवाही के 18 परिवार के लोगों ने ओडिशा से आने की बात छिपाई। उन पर भी मामला दर्ज किया गया है। भिलाई के जामुल पुलिस ने मंगलवार को एक तब्लीगी जमाती को स्थानीय दुकानदार माेह हुसैन के घर से बरामद किया। तमिलनाडु के इस जमाती को आरोपी दुकानदार ने एक जनवरी से छिपाकर रखा था। पुलिस ने पहले पूछताछ की थी, लेकिन दुकानदार ने कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस ने जमाती को सेक्टर 3 स्थित आइसोलेशन सेंटर भेजने के साथ ही बुधवार को दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली लॉकडाउन के दौरान क्वारैंटाइन उल्लंघन करने और विदेश यात्रा की जानकारी छिपाने पर पुलिस ने पिछले 24 घंटे में 24 केस दर्ज किए हैं। रायपुर में 2, गरियाबंद में 1, महासमुंद में 1, बलौदाबाजार में 1, दुर्ग में 4, कबीरधाम में 2, बिलासपुर में 1, कोरबा में 1, जांजगीर-चांपा में 2, सरगुजा में 1, जशपुर में 4, सूरजपुर में 2, कांकेर में 2 केस दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि सरकार ने 75 हजार टेस्टिंग किट, ढाई लाख पीपीई किट, इतने ही एन-95 मास्क, 25 लाख ट्रिपल लेयर मास्क, एक लाख ग्लव्ज, दस हजार गॉगल्स खरीदने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। मेकाहारा को सिर्फ कोरोना के इलाज के लिए रखा जाएगा। इसी तरह हर जिले में 100 बिस्तर की व्यवस्था की गई है, जो सिर्फ कोरोना या इसके लक्षण के मरीजों के लिए होगी।
लॉकडाउन के दौरान लोगों की सहूलियत को देखते हुए सरकार की ओर से जनधन खाते में 500 रुपए डाले गए हैं। वहीं गैस सब्सिडी के पैसे भी खाते में पहुंच रहे हैं। इसके चलते बैंकों के बाहर तक लोगों की भीड़ लग रही है। बैंक के अंदर तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है, लेकिन बाहर नहीं। शल मीडिया में किसी ने अफवाह उड़ा दी गई कि जन धन योजना में डाली गई राशि फौरन नहीं निकाली गई तो वापस हो जाएगी।
कृष्णा नगर क्षेत्र में सऊदी से आया युवक शहजाद होम आइसोलेशन में है। क्षेत्र में दो महिला एएनएम सर्वे करने के लिए युवक के घर के आसपास के के लोगों से जानकारी जुटा रही थीं। आरोप है कि महिला निगारा विवाद करने लगी। शोर सुनकर आस पास के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने स्वास्थ कर्मियों को धमकाने के साथ ही बदसलूकी की। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला समेत 30 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पचपेड़ी क्षेत्र में घर से बाहर निकलने के विवाद में एक ही परिवार के 6 लोगों ने युवक की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रामखिलावन मधुकर (35) व आरोपी साहिल, चंद्रभान, राजेश्वरी बाई के घर के बच्चे लाॅकडाउन के दौरान नहाने तालाब चले गए थे। रामखिलावन को पता चला तो उसने आराेपियाें के बच्चाें पर उनके बच्चों को ले जाने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में तीन नाबालिग हैं।






























