सरायपाली: इस गांव में नशामुक्ति को लेकर विशेष ग्राम सभा पढ़े पूरी खबर

सरायपाली। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कुटेला के राजीव गांधी भवन में नशा मुक्ति ग्राम समिति की विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सरायपाली के उपाध्यक्ष मुकेश (धर्मेंद्र) चौधरी सहित सरपंच, पंचगण, समिति पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद गांधीजी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजाराम का सामूहिक गायन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
विशेष ग्राम सभा में गांव को नशामुक्त, स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से ग्राम में नशामुक्ति रैली निकालकर मादक पदार्थों के विक्रय एवं सेवन के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने, खुले में शौच पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा सार्वजनिक स्थानों, तालाबों की मेड़, धरसा, गलियों एवं चौक-चौराहों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि नशामुक्ति किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्राम को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने में प्रत्येक ग्रामीण की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर नेहरू लाल चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, सत्यवान सिदार, भोजराज पटेल, संतराम सिदार सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।






























