महासमुंद:सोलर प्लांट से केबल वायर चोरी, अज्ञात चोरों ने फेंसिंग काटकर दिया वारदात को अंजाम

महासमुंद। ग्राम मोंगरा स्थित नाकोड़ा राइस इंडस्ट्रीज के 240 किलोवाट सोलर प्लांट से अज्ञात चोरों ने करीब 600 मीटर केबल वायर चोरी कर लिया। चोरी गए केबल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाकोड़ा राइस इंडस्ट्रीज के संचालक ने अगस्त 2024 में परिसर में 240 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित कराया था। 29 सितंबर की रात करीब 8 बजे तक सोलर प्लांट चालू था। इसके बाद 30 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे जब प्लांट का निरीक्षण किया गया तो सोलर प्लांट का लगभग 600 मीटर केबल वायर गायब मिला। जांच करने पर परिसर की फेंसिंग भी कटी हुई पाई गई।
आशंका है कि अज्ञात व्यक्ति रात के समय फेंसिंग काटकर परिसर में दाखिल हुए और सोलर प्लांट में लगे केबल वायर को काटकर चोरी कर ले गए। आसपास के लोगों से पूछताछ एवं पता तलाश करने के बाद भी चोरों का सुराग नहीं मिलने पर संचालक ने 3 अक्टूबर को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।



























