सरायपाली: कॉलेज में एड्स जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित

सरायपाली। प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बालसी में सघन जागरूकता अभियान (Intensified IEC Campaign) के तहत एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने जागरूकता रैली निकालकर एचआईवी/एड्स से बचाव और रोकथाम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में शासकीय अस्पताल से ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक खीरसागर पटेल, सरोज ध्रुव, सुपरवाइजर डी. फ्रांसिस एवं काउंसलर हेमचंद मांझी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, जांच के महत्व तथा उपचार एवं परामर्श की जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य आर.के. चौधरी ने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता ही इसके प्रसार को रोकने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव या सामाजिक कलंक नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स एक्ट 2017, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097, एचआईवी जांच की आवश्यकता और जोखिम आकलन के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही क्यूआर कोड स्कैन कर जोखिम आकलन करने तथा स्वास्थ्य विभाग के विश्वसनीय माध्यमों से सही जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता बढ़ाने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से एचआईवी/एड्स से बचाव एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य आर.के. चौधरी, महाविद्यालय के शिक्षकों एवं समस्त छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






























