सरायपाली:बच्चों की बेहतर शिक्षा पर जोर, बोडेसरा में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन

सरायपाली।शासकीय प्राथमिक शाला एवं उच्च प्राथमिक शाला बोडेसरा में शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित बैठक में विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए पालकों को प्रेरित किया गया। सर्वसम्मति से श्री रितराम पटेल को शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा श्रीमती राधाबाई कृष्णकुमार साव को उपाध्यक्ष चुना गया।
प्रधान पाठक श्रीमती बनमोती भोई ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी सदस्य अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा विद्यालय के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक श्री क्षेत्रपाल भोई ने किया।































