सरायपाली:बच्चे को ईंट फेंकने का विरोध करना पड़ा महंगा, युवक और भाई से मारपीट

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महलपारा वार्ड क्रमांक 03 में पड़ोसी के साथ हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे बाजार से घर लौट रहे एक युवक ने देखा कि उसका पड़ोसी कथित रूप से उसके भतीजे के साथ गाली-गलौज कर रहा था। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने पहले बच्चे पर ईंट का टुकड़ा फेंका, जो नहीं लगा।
शिकायत में आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाय बनाने की केतली एवं झारे से युवक के पैर पर हमला कर दिया। साथ ही हाथ-मुक्कों और लात से भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के भाई के साथ भी आरोपी ने मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में परिजनों के नाम शिकायत में दर्ज किए गए हैं। पीड़ित की रिपोर्ट पर सरायपाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























