महासमुंद : पंचायत अधिकारियों को एटीआर मॉड्यूल का प्रशिक्षण, ऑनलाइन रिपोर्टिंग होगी अधिक पारदर्शी

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर के सात सदस्यीय दल द्वारा बुधवार को जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली के पंचायत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य संपरीक्षा कार्यालय के सहायक संचालक कदम सिंह सिदार सहित अधिकारियों यू.के. कोसरिया, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू एवं ज्येष्ठ संपरीक्षक फैजान अहमद ने जिला पंचायत के अशोक चंद्राकर और योगेश साहू के साथ मिलकर प्रतिभागियों को एटीआर मॉड्यूल के संचालन एवं ऑनलाइन प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने मॉड्यूल के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं, अभिलेखों के संधारण, डेटा की शुद्धता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में जानकारी अपलोड करने के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। साथ ही प्रतिभागियों को मॉड्यूल का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया और उनकी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि एटीआर मॉड्यूल के माध्यम से पंचायत स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा योजनाओं की प्रगति की प्रभावी समीक्षा संभव होगी। इससे कार्यों की निगरानी अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से मॉड्यूल का नियमित उपयोग करते हुए समयबद्ध ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया।






























