महिला एवं बाल विकास विभाग का अनूठा अभियान, जवानों तक पहुंचेंगी महासमुंद की राखियां

महासमुंद। देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026’ का महासमुंद जिले में उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। अभियान के तहत जिलेभर से 31,355 रक्षा-सूत्र (राखियां) एवं शुभकामना संदेश एकत्रित किए गए, जिन्हें अब देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों के माध्यम से अभियान का सफल संचालन किया गया। अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों, स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं, धार्मिक संगठनों, राष्ट्रीय हिन्दू वाहिनी संगठन छत्तीसगढ़ तथा बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने अपने हाथों से रक्षा-सूत्र तैयार कर वीर सैनिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा, दीर्घायु एवं राष्ट्र सेवा के लिए शुभकामना संदेश भी लिखे। जिले में महासमुंद शहरी परियोजना से 3,145, महासमुंद ग्रामीण से 5,814, बागबाहरा से 6,586, पिथौरा से 2,982, बसना से 2,483 तथा सरायपाली परियोजना से सर्वाधिक 10,345 रक्षा-सूत्र संकलित किए गए।
कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा रात्रे, सुलेखा शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षक शीला प्रधान, कुंती यादव और ऋतु सिन्हा को रक्षा-सूत्र सौंपे। इन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर भेजा जा रहा है, जहां से रक्षा-सूत्र और शुभकामना संदेश देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचाए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला महासमुंद ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, बालिकाओं, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





























