महासमुंद : नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान का आगाज़, हजारों युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

महासमुंद । जिला पंचायत सभागार में रविवार को “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत संकल्प” अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने सुना। इसके बाद सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल और प्रतिभा से होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगभग 100 दिनों तक जन-जागरूकता के रूप में चलाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान करते हुए संत गुरु घासीदास के नशामुक्ति संदेश को अपनाने की अपील की।
विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि देशभर के हजारों संस्थानों में युवा नशामुक्ति का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा से शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे लत बन जाता है, इसलिए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाना आवश्यक है।
छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया ने कहा कि नशा व्यक्ति के तन, मन और पूरे जीवन को प्रभावित करता है। वहीं जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने युवाओं से अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण और रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि “नशा ही नाश की जड़ है।”
कार्यक्रम में महासमुंद विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, श्री महेंद्र सिक्का, श्री राहुल चंद्राकर, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।































