कोमाखान :चंदरपुर से महिला लापता, पुलिस ने दर्ज किया गुम इंसान मामला

कोमाखान। ग्राम चंदरपुर से 30 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की सूचना पर कोमाखान पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 30/26 दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदरपुर निवासी शंभू सिंह यादव (65) ने थाना पहुंचकर बताया कि उसकी बहू धनेश्वरी यादव पति स्व. प्रीतम यादव (30) 25 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास तथा रिश्तेदारों में उसकी तलाश की और संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
लापता महिला का हुलिया सांवला रंग, करीब 5 फीट 6 इंच लंबाई, काले बाल और सामान्य शारीरिक स्थिति बताया गया है। वह घटना के समय हल्के हरे रंग की साड़ी-ब्लाउज पहने हुए थी। महिला कक्षा 9वीं तक पढ़ी है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
सूचक द्वारा किसी व्यक्ति पर अपहरण अथवा बंधक बनाए जाने का आरोप या संदेह नहीं जताया गया है। महिला का ठिकाना और सुरक्षा अज्ञात होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर जांच एवं पता तलाश शुरू कर दी है। सूचना कंट्रोल रूम एवं डीसीआरबी शाखा महासमुंद को भी भेजी गई है।

























