सरायपाली:सिरशोभा स्कूल में चिरायु दल ने किया विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण

सिरशोभा। शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु दल सरायपाली द्वारा विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों की ऊंचाई एवं लंबाई का मापन करने के साथ विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं बीमारियों की जांच की गई।
चिरायु दल के डॉ. अनुपा दास, डॉ. जयश्री दुत्कामणी, सुनीता साव एवं देवकी पटेल ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। दल के सदस्यों ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, पौष्टिक आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। साथ ही नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम से विद्यालय परिवार एवं बच्चों में प्रसन्नता का माहौल रहा। इस अवसर पर प्रधान पाठक दुर्वादल दीप एवं सहायक शिक्षक राजकुमार भोई उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने एवं स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए चिरायु दल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।





























