सरायपाली:कैलेण्डा स्कूल के दो छात्रों का राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन

सरायपाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलेण्डा के दो प्रतिभावान विद्यार्थियों सूरज बाघ और यशवंत मिश्रा का राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। सूरज बाघ ने 57 किलोग्राम तथा यशवंत मिश्रा ने 67 किलोग्राम भार वर्ग में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
हाल ही में धमतरी में आयोजित संभाग स्तरीय कुश्ती स्पर्धा में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान पक्का किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 23 अगस्त तक होना है, जिसके लिए दोनों खिलाड़ी जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य सी.एम. पटेल, खेल शिक्षक एवं राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी क्षितिपति साहू, पी.आर. धृतलहरे, आनंद साहू, अरूप प्रधान, सी.एम. भोई, अंजनी साहू, जितेंद्र विशाल, मनोज पटेल, फिरोज, प्रवीण प्रधान, राजेश प्रधान सहित समस्त स्टाफ ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। बीईओ टी.सी. पटेल, क्रीड़ा प्रभारी लखेश्वर भोई एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी हर्ष व्यक्त किया।
सूरज और यशवंत ने अपनी सफलता का श्रेय खेल शिक्षक क्षितिपति साहू के मार्गदर्शन एवं निरंतर कठिन परिश्रम को दिया। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और अंचल का नाम रोशन करेंगे। यह जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।






























