सरायपाली:दर्राभाठा स्कूल ने रचा सफलता का इतिहास, विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में शानदार चयन

सरायपाली।शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा जवाहर उत्कर्ष योजना जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार चयन प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय से सैनिक स्कूल के लिए 2 में से 2 विद्यार्थियों का चयन हुआ। जवाहर नवोदय विद्यालय में 12 में से 4 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की परीक्षा में सभी 6 में से 6 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जबकि जवाहर उत्कर्ष योजना में 8 में से 4 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के अटूट विश्वास तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन को दिया है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन के माध्यम से नए कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
विद्यालय का संकल्प है कि प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को सही दिशा देकर उसे सफलता के नए आयाम तक पहुंचाया जाए तथा उत्कृष्ट शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जाए।






























