बसना:अज्ञात चोरों ने उड़ाए 90 हजार के पाइप और गेट वाल्व

बसना। ग्राम पंचायत खोकसा के आश्रित ग्राम ललितपुर में निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी टंकी से करीब 90 हजार रुपये मूल्य के लोहे के पाइप और गेट वाल्व चोरी होने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालसी निवासी एवं ठेकेदार सुनील कुमार अग्रवाल (50 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि ग्राम ललितपुर में जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के लिए उन्होंने 6 नग लोहे के पाइप और 1 नग लोहे का गेट वाल्व लगाया था, जिसकी कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये थी।
दिनांक 09 मई 2026 को जब वह निर्माण स्थल पर पहुंचे तो देखा कि लगाए गए पाइप और गेट वाल्व वहां से गायब थे। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उक्त सामग्री चोरी कर ली गई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 305(ई) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
































