महासमुंद:हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत, मां गंभीर

महासमुंद। ग्राम कोसमखुंटा से महासमुंद आ रही स्कूटी को शेर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 05 नयापारा महासमुंद निवासी समीम बानो अपनी मां हकीदा बानो के साथ स्कूटी क्रमांक CG 04 KW 8712 से ग्राम कोसमखुंटा से महासमुंद आ रही थी। बताया गया कि 1 सितंबर को करीब 11:30 बजे दोनों शेर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 06 GR 4105 के चालक ने वाहन को तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि समीम बानो को गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हकीदा बानो गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए महासमुंद के सोहम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।






























