तुमगांव:जलापूर्ति योजना के पाइप पर चोरों का हाथ साफ, 10 लाख के 100 DI पाइप चोरी

तुमगांव। सामोदा-अछोला मल्टी विलेज वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट के लिए ग्राम कुहरी मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप रखे करीब 100 डीआई पाइप अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी गए पाइपों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, बसना के साई विहार कॉलोनी निवासी परियोजना प्रबंधक ने थाना तुमगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि श्री माधव अग्रवाल की संस्था द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) महासमुंद के अंतर्गत सामोदा-अछोला मल्टी विलेज वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट का कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत घोडारी से कुहरी मोड़ तक पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसी कार्य के लिए ग्राम कुहरी मोड़ के पास डीआई पाइप का स्टॉक रखा गया था।
बताया गया कि 10 नवंबर 2025 की रात करीब 11:50 बजे अज्ञात व्यक्ति अथवा व्यक्तियों ने स्टॉक में रखे लगभग 100 डीआई पाइप चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद संबंधित संस्था ने 12 नवंबर को थाना तुमगांव में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोरी से करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है तथा पाइप चोरी होने से क्षेत्र के 48 से अधिक गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली परियोजना के कार्य में भी विलंब होने की आशंका है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा चोरी गए पाइपों और आरोपियों की तलाश की जा रही है।






























