कोमाखान: पुलिस ने गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा, ट्रक समेत 28.37 लाख की संपत्ति जब्त

महासमुंद । जिले के कोमाखान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32.070 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक ट्रक, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, मोबाइल फोन एवं नगदी सहित कुल 28 लाख 37 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई की रात को कोमाखान थाना पुलिस ग्राम टेमरी जांच नाका में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक आईचर ट्रक में अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर कत्था रंग की आईचर ट्रक क्रमांक GJ-19-Y-3344 को रोका।
पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम प्रदीप महापात्र (52 वर्ष), निवासी जिला गंजाम, ओडिशा तथा उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम हाडुबंधु स्वाई (47 वर्ष), निवासी जिला गंजाम, ओडिशा बताया। पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर वाहन में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से कुल 32.070 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 3 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा एक आईचर ट्रक, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी, दो मोबाइल फोन, 17 हजार रुपये नकद एवं अन्य सामान जब्त किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि गांजा को ओडिशा से गुजरात ले जाया जा रहा था।
कोमाखान थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा गांजा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
































