तुमगांव :धारदार हथियार से युवक पर हमला, माथे पर आई चोट

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अछरीडीह नयापारा में एक युवक के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अछरीडीह नयापारा वार्ड क्रमांक 15 निवासी 23 वर्षीय सलीम कुर्रे ने पुलिस को बताया कि वह 4 जुलाई 2026 की रात लगभग 10 बजे अपने मित्र दिलेश्वर निषाद, अरुण निषाद एवं सोमनाथ निषाद के साथ अनुज साहू की मेडिकल दुकान के सामने स्थित एक नए निर्माणाधीन मकान के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान ग्राम बड़गांव निवासी जतिन निषाद अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने सलीम कुर्रे को पहचानते हुए कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज की और जतिन निषाद ने किसी धारदार हथियार से उसके माथे पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोट लगी और खून निकलने लगा। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जतिन निषाद के साथ मौजूद अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की।
घटना के दौरान मौजूद अरुण निषाद और सोमनाथ निषाद ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा घटना की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

































