सरायपाली:पानी भरने गई महिला को सुपर स्प्लेंडर बाइक ने मारी टक्कर, ओम अस्पताल में चल रहा उपचार

सरायपाली। थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाए जा रहे मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 07 जोगनीपाली निवासी गुणनिधि बारिक ने पुलिस को बताया कि 29 मई 2026 की रात करीब 8 बजे उनकी बहू चंद्रकांति बारिक घर के सामने स्थित वाहन धुलाई सेंटर के नल से पानी लेने गई थी। इसी दौरान जयकृष्ण बारिक के घर के सामने सड़क पर एक मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में चंद्रकांति बारिक सड़क पर गिर गई, जिससे उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई तथा चेहरे, कमर और हाथ में भी चोटें लगीं। मौके पर मौजूद हरीश चौहान और भोज कुमार नायक ने बताया कि ग्राम अर्जुन्दा की ओर से आ रही सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GF 0471 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए महिला को टक्कर मारी।
घटना के बाद डायल-112 की सहायता से घायल महिला को शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए ओम अस्पताल सरायपाली रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(a) एवं 281 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
































