अस्त व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने निकला प्रशासनिक अमला, दी हिदायत

-डिग्रीलाल जगत
खरसिया (काकाखबरीलाल) । नगर की अस्त-व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार की देर शाम मार्च करते हुए दुकानदारों को फुटपाथ पर सामान ना निकालने एवं राहों में मोटरबाइक आदि खड़े ना करने की हिदायत दी है।
एसडीएम गिरीश रामटेके, एसडीओपी पीताम्बर पटेल, सीएमओ नीतू अग्रवाल ,टीआई सुमत राम साहू एवं चौकी प्रभारी जयसिंह खूंटें ने दल बल के साथ नगर की मुख्य राहों पर पैदल भ्रमण करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं रास्तों में बेतरतीब खड़ी मोटरसाइकिलों एवं अन्य वाहनों तथा फुटपाथ पर सामान निकालने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी।
वहीं अग्रसेन चौक पर स्थित निजी बैंक एचडीएफसी के सामने खड़ी बेतहाशा मोटरबाइकों को लेकर मैनेजर के कुप्रबंधन पर एसडीएम गिरीश रामटेके ने व्यवस्था के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शीघ्र ही पार्किंग की व्यवस्था करें अन्यथा स्थान परिवर्तन करने हेतु बाध्य होना पड़ेगा। वहीं सीएमओ नीतू अग्रवाल ने पूर्व में नोटिस जारी करने पर भी व्यवस्था के ना होने पर बैंक मैनेजर को कड़े निर्देश दिए।
उल्लेखनीय होगा कि स्टेशन रोड पुत्री शाला रोड़, अग्रसेन चौक, स्टेट बैंक के सामने आदि कई स्थानों पर राहगीरों को अक्सर कठिनाईयों का सामना करना होता है। ऐसे में प्रशासन की इस पहल से नागरिकों में संतोष देखा जा रहा है।
































